बिहार विधान सभा के मुख्य भवन स्थित वाचनालय में टाइम्स ऑफ इंडिया द्वारा प्रकाशित कॉफी टेबल बुक “Citadel of Democracy” का विमोचन माननीय अध्यक्ष श्री नन्द किशोर यादव ने किया।

त्रिलोकी नाथ प्रसाद/इस अवसर पर माननीय अध्यक्ष महोदय ने कहा कि बिहार विधान सभा की अब तक की गतिविधियाँ एवं उपलब्धियाँ राज्य के विधायी इतिहास में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर सिद्ध हुई हैं। इन सभी पहलुओं को रोचक एवं कलात्मक शैली में प्रस्तुत करते हुए बिहार विधान सभा की भव्यता, ऐतिहासिक गौरव, वर्तमान की जीवंतता तथा भविष्य की पीढ़ियों के लिए इसे एक अमूल्य धरोहर एवं संदर्भ ग्रंथ के रूप में संजोने के उद्देश्य से टाइम्स ऑफ इंडिया द्वारा सभा सचिवालय के सहयोग से “Citadel of Democracy” कॉफी टेबल बुक का प्रकाशन किया गया है।
माननीय उपाध्यक्ष महोदय ने कहा कि बिहार का इतिहास गौरवशाली रहा है। बिहार भगवान बुद्ध की ज्ञान प्राप्ति, नालंदा विश्वविद्यालय की समृद्ध ज्ञान परंपरा, कुंवर सिंह की 1857 की क्रांति में भागीदारी, महात्मा गांधी के नेतृत्व में चंपारण सत्याग्रह, जेपी के नेतृत्व में आजादी की दूसरी लड़ाई की भूमि रही है। इतिहास की इसी कड़ी में विधान सभा का 100 से अधिक वर्षों का समृद्ध इतिहास रहा है। टाइम्स ऑफ इंडिया ने इस कॉफी टेबल पुस्तक का प्रकाशन कर एक महत्वपूर्ण कार्य किया है।
बिहार विधान परिषद् के माननीय उप सभापति ने कहा कि टाइम्स ऑफ इंडिया बधाई का पात्र है जो राजनीति के इस मंदिर के इतिहास को नए रूप में सामने लेकर आया। उन्होंने कॉफी टेबल बुक के इतिहास पर प्रकाश डाला।
टाइम्स ऑफ इंडिया के डायरेक्टर एवम् वाइस प्रेसिडेंट ने कहा कि टाइम्स ऑफ इंडिया ग्रुप पिछले 16–17 वर्षों से विभिन्न संस्थानों के कॉफी टेबल बुक का प्रकाशन करता आ रहा है। टाइम्स ऑफ इंडिया द्वारा पूर्व में भी लगभग 100 के करीब कॉफी टेबल बुक का प्रकाशन किया जा चुका है। बिहार विधान सभा के इतिहास को इस प्रकार से संजोने का अवसर प्रदान करने के लिए उन्होंने विधान सभा अध्यक्ष को धन्यवाद दिया।
इस अवसर पर बिहार विधान सभा के उपाध्यक्ष श्री नरेंद्र नारायण यादव, बिहार विधान परिषद् के माननीय उप सभापति श्री रामवचन राय, टाइम्स ऑफ इंडिया के डायरेक्टर श्री रोहित शर्मा, वाइस प्रेसिडेंट श्री धनुष वीर सिंह, रिस्पांस एडिटर सना फहीम, पुस्तक की लेखिका श्रीमती माधुरी कुमार, बिहार–झारखंड के ब्रांच हेड श्री पुनीत माकन, सीनियर मैनेजर श्री मानस मनोहर सहित सभा सचिवालय के वरीय पदाधिकारीगण उपस्थित रहे ।