किशनगंज : सड़क का सीना चीर कर ओवरलोड वाहनों का हो रहा परिचालन

किशनगंज,20सितम्बर(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह/फरीद अहमद, जिले के पौआखाली डे मार्केट और रूट बाजार से गुजरने वाली सड़कों पर ओवरलोड वाहनों का कहर जारी है। ये भारी-भरकम वाहन, जो अपनी क्षमता से कहीं ज़्यादा सामान ढोते हैं, न सिर्फ़ इन सड़कों को बुरी तरह नुक़सान पहुँचा रहे हैं, बल्कि सरकारी ख़ज़ाने को भी चूना लगा रहे हैं। यह कोई छुपी हुई बात नहीं है कि ये ओवरलोड गाड़ियाँ बेरोकटोक चल रही हैं।
सूत्रों का कहना है कि इसके पीछे इंट्री माफ़ियाओं का एक पूरा नेटवर्क काम कर रहा है। नतीजा यह होता है कि क़ानून का पालन करने वाले और टैक्स भरने वाले लोग ठगे से रह जाते हैं, जबकि ये लोग अपनी मनमानी करते रहते हैं।
ओवरलोडिंग की वजह से न सिर्फ़ सड़कें धंसती हैं, बल्कि इससे दुर्घटनाओं का ख़तरा भी बढ़ गया है। इन वाहनों को रोकना मुश्किल होता है और ये अक्सर अपनी लेन से हटकर चलते हैं, जिससे सड़क पर चलने वाले दूसरे लोगों की जान भी जोख़िम में पड़ जाती है।
सवाल यह है कि आख़िर परिवहन विभाग इस पर कोई ठोस कार्रवाई कब करेगा? जब सरकार एक तरफ़ सड़क निर्माण पर करोड़ों रुपये ख़र्च कर रही है, तो दूसरी तरफ़ इन ओवरलोड वाहनों को सड़क को तोड़ने की छूट क्यों दी जा रही है? यह स्थिति न सिर्फ़ सरकारी राजस्व को नुक़सान पहुँचा रही है, बल्कि व्यवस्था पर भी एक बड़ा सवाल खड़ा कर रही है? अब देखना यह है कि क्या प्रशासन इस गंभीर समस्या पर कोई सख़्त क़दम उठाता है, या फिर यह मनमानी यूँ ही जारी रहेगी?
जदयू नेता हबेबुर रहमान का बयान: ओवरलोड वाहनों के परिचालन से सरकारी राजस्व को भारी नुकसान होता है और सड़कें खराब होती हैं। प्रशासन को इस ओर ध्यान देना चाहिए।
जिला परिवहन पदाधिकारी किशनगंज दीक्षित स्वेतम ने कहां की ओवरलोड को लेकर कार्रवाई की जा रही है विभाग द्वारा अग्रसर कार्रवाई की जा रही है। ओवरलोड पर कार्रवाई के लिए आगे भी अभियान चलाया जाएगा जो आप लोग देखने को मिलेगा।



