District Adminstrationकिशनगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : छूटे हुए परिवारों को जोड़ा जा रहा स्वयं सहायता समूह से

ग्रामीण और शहरी क्षेत्र में चल रहा विशेष अभियान, अब तक 13 हजार से अधिक नए परिवार जुड़े समूहों से

किशनगंज,19जुलाई(के.स.)। जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में छूटे हुए परिवारों को स्वयं सहायता समूह (SHG) से जोड़ने के लिए जीविका द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य गरीब और जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। सातों प्रखंडों में जीविका की सामुदायिक संसाधन सेवी और उत्प्रेरक दीदियां घर-घर जाकर सर्वेक्षण कर रही हैं और छूटे हुए परिवारों को समूहों से जोड़ रही हैं।जिला परियोजना प्रबंधक अनुराधा चंद्रा ने बताया कि अभियान के तहत पंचायत स्तर पर प्रशिक्षित जीविका कैडरों की विशेष कार्य दल गठित की गई है, जो हर योग्य परिवार को समूह से जोड़ने का कार्य कर रही है। समूह से 18 से 60 वर्ष आयु वर्ग की महिला सदस्य को ही जोड़ा जाता है। इसके लिए आधार कार्ड व राशन कार्ड आवश्यक दस्तावेज के रूप में मांगे जा रहे हैं।

अब तक ग्रामीण क्षेत्र में 758 नए स्वयं सहायता समूह बनाए गए हैं, जिससे 13 हजार से अधिक परिवारों को जोड़ा गया है। वहीं शहरी क्षेत्र में 50 समूह गठित किए गए हैं, जिसमें 550 से अधिक परिवार शामिल हुए हैं।

जिले में अब तक कुल 20,049 स्वयं सहायता समूह बनाए जा चुके हैं, जिनसे 2.30 लाख से अधिक परिवार लाभान्वित हो रहे हैं। शहरी क्षेत्रों में 1,040 SHG बनाकर 12 हजार से अधिक परिवारों को जोड़ा गया है।स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाएं कम ब्याज पर ऋण लेकर स्वरोजगार कर रही हैं। साथ ही विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों के जरिए उनका क्षमतावर्धन भी किया जा रहा है। सप्ताहिक बैठक, नियमित बचत, लेखा-जोखा तथा आपसी सहयोग से महिलाएं आत्मनिर्भर बन रहीं हैं और समाज में एक सशक्त भूमिका निभा रही हैं।

रिपोर्ट/धर्मेन्द्र सिंह

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button