ताजा खबर

विधान सभा सत्र के दौरान ध्यानाकर्षण सूचना पर कृषि मंत्री का जवाब

विधानमंडल सत्र में पीएम किसान सम्मान निधि एवं फार्मर आईडी पर सरकार का स्पष्ट वक्तव्य
पीएम किसान योजना से 73 लाख से अधिक किसानों को लाभ
एग्री स्टैक के तहत गांव-गांव बन रही फार्मर आईडी, विशेष अभियान जारी
2 से 6 फरवरी तक फार्मर आईडी निर्माण हेतु विशेष अभियान
-राम कृपाल यादव

त्रिलोकी नाथ प्रसाद/राम कृपाल यादव, माननीय मंत्री, कृषि विभाग, बिहार ने कहा कि अष्टादश बिहार विधान सभा का द्वितीय सत्र तथा बिहार विधान परिषद् का 212वाँ सत्र दिनांक 02 फरवरी 2026 से 27 फरवरी 2026 तक आयोजित किया जा रहा है।
अष्टादश बिहार विधान सभा के द्वितीय सत्र के दौरान माननीय सदस्यगण श्री सचीन्द्र प्रसाद सिंह एवं श्री केदार प्रसाद गुप्ता द्वारा उठाए गए प्रश्नों के उत्तर में सरकार की ओर से ध्यानाकर्षण सूचनाओं पर विस्तृत एवं आधिकारिक वक्तव्य सदन के पटल पर प्रस्तुत किया गया।
माननीय कृषि मंत्री ने विधान मंडल में प्रश्न का जवाब देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना राज्य के किसानों के लिए एक सशक्त सहारा बनकर उभरी है। उन्होंने बताया कि इस योजना के अंतर्गत राज्य के 73,37,217 किसानों को प्रत्यक्ष लाभ मिल रहा है। अब तक योजना की 21 किस्तें जारी की जा चुकी हैं, जिसके माध्यम से किसानों के बैंक खातों में कुल 30,093 करोड़ रुपये की राशि सीधे हस्तांतरित की गई है। यह सरकार की पारदर्शी एवं किसान-हितैषी सोच का स्पष्ट प्रमाण है।
माननीय मंत्री ने आगे कहा कि किसानों को योजनाओं का लाभ समयबद्ध एवं सुगमता से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एग्री स्टैक के अंतर्गत कृषि विभाग तथा राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के संयुक्त प्रयास से प्रत्येक गाँव में फार्मर आईडी बनाने का कार्य तेजी से चल रहा है। अब तक 31,12,581 फार्मर आईडी बनाई जा चुकी हैं। जिन किसानों के पास अपनी भूमि से संबंधित वैध कागजात उपलब्ध हैं, उनकी आईडी तत्काल बनाई जा रही है।
उन्होंने कहा कि 2 फरवरी से 6 फरवरी तक एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसके अंतर्गत फार्मर आईडी निर्माण की प्रक्रिया को और अधिक गति दी गई है। माननीय मंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि इस अभियान के माध्यम से यथाशीघ्र सभी पात्र किसानों की फार्मर आईडी तैयार कर ली जाएगी, जिससे वे केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का पूरा लाभ प्राप्त कर सकेंगे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!