ठाकुरगंज : 19वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल ने वृक्षारोपण अभियान के उपलक्ष्य में वृक्षारोपण कार्यकम का किया आयोजन
वृक्ष हमारे पर्यावरण के अभिन्न अंग हैं। धरती पर पेड़ पौधों के अस्तित्व के बिना मनुष्य, जानवरों और अन्य प्रजातियों का अस्तित्व संभव नहीं है

किशनगंज, 06 जुलाई (के.स.)। फरीद अहमद, गुरुवार को अनूप रोबा कच्छप, कार्यवाहक कमान्डेंट, 19वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, ठाकुरगंज के निर्देशन में “वृक्षारोपण अभियान-2023” पर वाहिनी की ‘डी’ समवाय नावडुवा के उत्क्रमित उच्च विद्यालय लोधावाडी में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत एम. ब्रोजेन सिंह, उप कमान्डेंट, 19वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, ठाकुरगंज द्वारा की गई। कार्यक्रम की शुरुआत वृक्षारोपण कर की गई, जिसमें, छात्रों अध्यापकों एवं बलकर्मियों द्वारा विद्यालय के परिसर में वृक्षारोपण किया गया। उन्होंने बताया कि वृक्ष हमारे पर्यावरण के अभिन्न अंग हैं। धरती पर पेड़ पौधों के अस्तित्व के बिना मनुष्य, जानवरों और अन्य प्रजातियों का अस्तित्व संभव नहीं है। वृक्ष लगाने का सबसे महत्वपूर्ण लाभ यह है कि वे कार्बन डाइऑक्साइड और ऑक्सीजन का आदान-प्रदान करते हैं। पर्यावरण में ऑक्सीजन की जरूरत सभी को है। वृक्ष वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए हानिकारक गैसों को न केवल अवशोषित करते हैं बल्कि जल प्रदूषण को भी नियंत्रित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। पेड़ न केवल कार्बन डाइऑक्साइड लेते हैं बल्कि वातावरण से कई अन्य हानिकारक गैसों को भी अवशोषित करते हैं जिससे वातावरण को ताजगी मिलती है। पेड़ों पर फल लगते हैं जो पक्षियों, जानवरों और मनुष्यों के लिए भोजन हैं। गाय, बकरियां और अन्य शाकाहारी जानवर भी वृक्षों के पत्ते खाते हैं। वे गर्मी के असर को कम करने में मदद करते हैं। उनसे प्राप्त ठंडक का असर ऐसा है कि यह आसपास के स्थानों में 50% तक एयर कंडीशनर की आवश्यकता को कम कर सकता है। पक्षी पेड़ों पर घोंसलों को बनाते है जिससे उन्हें आश्रय मिलता है। अधिक से अधिक पेड़ लगाने से प्रदूषित हवा से छुटकारा पाने में मदद मिलेगी। यह सही समय है जब हम पेड़ों के रोपण के महत्व को पहचाने और इस दिशा में जितना हो सके उतना योगदान करने की जिम्मेदारी ले सकें। वृक्षारोपण के द्वारा ही हम धरती पर अपने अस्तित्व की रक्षा कर सकते है। पर्यावरण बचाने का कार्य हम अपने घर से ही शुरू कर सकते हैं। कोशिश करें कि एक पौधा जरुर लगायें, ध्यान रखें कि प्रकृति सुरक्षित तो मानव जीवन भी सुरक्षित। कार्यक्रम के दौरान डा० मागा राम, सहायक कमान्डेंट चिकित्सा, उप निरीक्षक शम्भू नाथ वैद्य, संतोष कुमार दास प्रधानाचार्य, सहित बल के कार्मिक उपस्थित थे।