ब्रेकिंग न्यूज़

*आवासीय अपार्टमेंट व कॉमर्शियल काॅम्प्लेक्स में सीसीटीवी लगाना होगा अनिवार्य*

गुड्डू कुमार सिंह बैंकों, पेट्रोल पंप, ज्वेलरी शाॅप और अस्पतालों में भी सीसीटीवी लगाना अनिवार्य।

– जहां सीसीटीवी नहीं लगे हैं वहां 31 मार्च 2021 के पूर्व सीसीटीवी लगाने का निर्देश।

– प्रमंडलीय सुरक्षा समिति की बैठक में प्रमंडलीय आयुक्त श्री संजय कुमार अग्रवाल ने दिया
निर्देश।

– कहा जहां सीसीटीवी पूर्व से लगे हैं और खराब पड़े हैं उसे एक माह के अंदर कराएं ठीक।

– नगर निगम को थानावार अपार्टमेंट की सूची उपलब्ध कराने का दिया निर्देश।

– अपार्टमेंट में रहने वाले तथा आसपास के लोगों की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी अत्यंत आवश्यक है।
…………………………………….
आवासीय अपार्टमेंट व कॉमर्शियल काॅम्प्लेक्स में सीसीटीवी लगाना अनिवार्य होगा। इस संबंध में प्रमंडलीय आयुक्त श्री संजय कुमार अग्रवाल ने प्रमंडलीय सुरक्षा समिति की बैठक में निर्देश दिया है कि जिन-जिन अपार्टमेंट में सीसीटीवी नहीं लगे हैं वहां 31 मार्च तक सीसीटीवी लगवाना सुनिष्चित कराएं तथा जहां पहले से सीसीटीवी लगे हैं और खराब हैं उसे एक माह के अंदर ठीक करा लें।

*निगरानी समिति की बैठक में प्रमंडलीय आयुक्त ने दिया निर्देश*
अपराध पर अंकुश लगाने हेतु सीसीटीवी के अधिष्ठापन एवं उसके सुचारू संचालन के लिए प्रमंडलीय निगरानी समिति की बैठक सोमवार को प्रमंडलीय आयुक्त पटना श्री संजय कुमार अग्रवाल एवं पुलिस महानिरीक्षक श्री संजय सिंह द्वारा प्रमंडल के सभी डीएम/एस एसपी/एसपी ट्रैफिक, नगर आयुक्त सहित कई अन्य अधिकारियों के साथ आयुक्त कार्यालय में की गई। बैठक में आयुक्त ने चिन्हित महत्वपूर्ण स्थानों पर सीसीटीवी का अधिष्ठापन सुनिश्चित कर उसके क्रियाशीलता की प्रभावी निगरानी करने का निर्देश दिया ताकि अपराध की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण एवं निगरानी रखा जा सके।

*भविष्य में नक्शा पास कराने के दौरान ही सीसीटीवी का करना होगा उल्लेख*
प्रमंडलीय आयुक्त श्री संजय कुमार अग्रवाल ने कहा कि भविष्य में अपार्टमेंट/ कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स के नक्शा पास कराने के दौरान ही सीसीटीवी संबंधी बिंदु का उल्लेख करना आवश्यक होगा, अन्यथा नक्शा पास नहीं किया जा सकता। इसके लिए अपार्टमेंट के प्रवेश द्वार, निकास द्वार, सीढ़ी, लिफ्ट के पास, पार्किंग, प्रत्येक फ्लोर पर तथा गेट पर बाहर की ओर लोकेशन के साथ सीसीटीवी लगाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी का न केवल अधिष्ठापन आवश्यक है, बल्कि उसकी क्रियाशीलता भी आवश्यक है। इसकी जवाबदेही वहां की सोसाईटी की होगी।

*अपराध की घटनाओं की प्रभावी निगरानी के लिए सीसीटीवी आवश्यक*
अपराध की घटनाओं की प्रभावी निगरानी एवं नियंत्रण रखने तथा अनुसंधान/साक्ष्य कार्य में सहयोग प्राप्त करने हेतु आवासीय अपार्टमेंट एवं काॅमर्शियल कॉम्प्लेक्स में सीसीटीवी का अधिष्ठापन करना तथा उसे कार्यशील बनाए रखना आवश्यक है।

*अपार्टमेंट सोसाईटी से मिल रही है शिकायतें*
प्रमंडलीय आयुक्त ने कहा है कि सीसीटीवी अपार्टमेंट में रहने वाले लोगों तथा आसपास की सुरक्षा के लिए अत्यंत आवष्यक है। कई बार वहां फ्लैट मालिकों के द्वारा षिकायतें की जाती हैं कि अपार्टमेंट में सुरक्षा के सही इंतजाम नहीं है। पटना नगर निगम तथा दानापुर क्षेत्र में बनने वाले नए अपार्टमेंट में भी ये शिकायतें आ रही है तथा कई स्थानों पर मेंटेनेंस की शिकायतें प्राप्त हो रही है।

*नगर निगम को थानावार अपार्टमेंट की सूची उपलब्ध कराने का निर्देश*
प्रमंडलीय आयुक्त ने नगर आयुक्त को प्रत्येक थाना क्षेत्र के अंतर्गत स्थित अपार्टमेंट एवं कॉमर्शियल कंपलेक्स की सूची तैयार करने तथा अविलंब उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। साथ ही अपार्टमेंट में सीसीटीवी कैमरा लगे रहने/ नहीं लगे रहने की भी स्थिति स्पष्ट करने को कहा। उन्होंने प्रत्येक थाना प्रभारी को अपने-अपने क्षेत्रों में स्थित अपार्टमेंट में अधिष्ठापित सीसीटीवी कैमरा की क्रियाशीलता का निरीक्षण कर करने का निर्देश दिया। आयुक्त ने नगर निगम एवं थानाध्यक्ष को अपार्टमेंट में सीसीटीवी कैमरा के पर्याप्त संख्या में अधिष्ठापन एवं उसकी क्रियाशीलता के बारे में सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

*शहर में 1500 से अधिक हैं अपार्टमेंट*
नगर आयुक्त ने बताया कि शहर में 1500 से अधिक अपार्टमेंट हैं तथा समय समय पर अपार्टमेंट में रहने वालों की शिकायतों आती हैं कि सीसीटीवी का सही ढंग से रख रखाव नहीं किया जाता है तथा कईयों में है हीं नहीं।

*इन जगहों पर भी लगेंगे सीसीटीवी कैमरे*

– आयुक्त ने *सभी बैंकों के प्रवेश एवं निकास द्वार पर* सीसीटीवी की आवश्यकता पर जोर दिया। इसके लिए डीएम /एसपी को एलडीएम के साथ बैठक कर सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

– *पेट्रोल पंप, ज्वेलरी शाॅप में, अस्पताल में* सीसीटीवी के अधिष्ठापन का निर्देश दिया गया। इसके लिए डीएम/ एसपी को संबंधित अधिकारियों/ व्यक्तियों के साथ बैठक कर सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया।उन्होंने सभी एसएचओ/डीएसपी को प्रभावी मॉनिटरिंग कर सुनिश्चित कराने को कहा ।

बैठक में जिलाधिकारी पटना डॉ चंद्रशेखर सिंह, नगर आयुक्त पटना श्री हिमांशु शर्मा, पुलिस अधीक्षक यातायात श्री अमरकेश डी, अपर समाहर्ता विधि व्यवस्था श्री के के सिंह ,आयुक्त के सचिव श्री एसएम कैशर उपस्थित थे तथा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से नालंदा, भोजपुर, कैमूर, रोहतास एवं बक्सर के डीएम ,एसपी ,नगर आयुक्त सहित कई अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button