
भारती मिश्रा
रांची: झारखंड में नियोजन नीति और विधि व्यवस्था को लेकर विधानसभा मानसून सत्र के तीसरे दिन मंगलवार को भी भाजपा के विधायकों ने सदन के बाहर और अंदर जोरदार प्रदर्शन किया। भाजपा विधायक हाथ में तख्तियां लेकर सदन के बाहर धरना पर बैठे और राज्य सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। विधायक मनीष जायसवाल ने कहा कि राज्य सरकार नियोजन नीति अबतक लागू नहीं कर पायी है। विधि व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो गई है। महिला अपराध की घटना में जबरदस्त बढ़ोतरी हुई है। वहीं विधायक जेपी पटेल,अनंत ओझा ने कहा कि राज्य सरकार की ढुलमुल नीति के कारण विकास का कार्य प्रभावित हो रहा है। सरकार सदन में जन मुद्दे पर बहस करने से भाग रही है। कोई भी प्रश्नों का जवाब स्पष्ट नहीं दे पा रही है।
सदन में प्रश्नकाल शुरू होते ही भाजपा विधायकों के हंगामा शुरू कर दिया जिसके कारण विधानसभा अध्यक्ष रविंद्रनाथ महतो ने विधानसभा की कार्रवाई 12:30 तक के लिए स्थगित कर दिया।