वन महोत्सव कार्यक्रम के तहत लौरिया जिला परिषद के डाक बंगला परिसर तथा मझौलिया के स्वास्थ्य केन्द्र, परिसर में किया गया वृक्षारोपण।

पौधा लगाकर दें हरियाली का संदेश : जिलाधिकारी।
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में लौरिया एवं मझौलिया प्रखंड में वृक्षारोपण कार्यक्रम सम्पन्न।
डी एन शुक्ला/बेतिया। जनजीवन हरियाली अभियान अन्तर्गत मनरेगा के तहत जिला पदाधिकारी, दिनेश कुमार राय की अध्यक्षता में बुधवार को वन महोत्सव एवं वर्षाकालीन वृक्षारोपण कार्यक्रम के तहत लौरिया अवस्थित जिला परिषद के डाक बंगला परिसर तथा स्वास्थ्य केन्द्र, मझौलिया के परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम सम्पन्न हुआ।
जिलाधिकारी ने लौरिया अवस्थित जिला परिषद के डाक बंगला परिसर में जामुन एवं बरगद का पौधा रोपण किया। वहीं स्वास्थ्य केन्द्र मझौलिया के परिसर में आम का पौधा रोपण किया। इस अवसर पर उपस्थित अन्य अधिकारियों एवं माननीय जनप्रतिनिधियों ने भी महोगनी, पीपल, बरगद, जामुन, आम आदि का पौधा रोपण कर पर्यावरण संरक्षण पर बल दिया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति कम से कम एक पौधा लगाकर हरियाली का संदेश दें। पौधारोपण से पर्यावरण को सुरक्षित एवं संरक्षित किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि प्रकृति के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए वृक्ष लगाना बेहद जरूरी है। इससे पर्यावरण संतुलन को अत्यधिक बल मिलेगा।
उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा जल-जीवन-हरियाली अभियान चलाया जा रहा है। इसके अंतर्गत व्यापक पैमाने पर जिले के विभिन्न स्थलों पर सघन वृक्षारोपण कराया जा रहा है। जिले की आम जनता भी इस अभियान में अपना सहयोग दें और कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं। जिलाधिकारी ने वृक्षारोपण कार्यक्रम में माननीय जनप्रतिनिधिगणों की सहभागिता की अपील भी की।
इस दौरान जिलाधिकारी ने आम जनों की समस्याओं को भी सुना तथा संबंधित अधिकारियों को नियमानुकूल कार्रवाई करने हेतु निर्देशित किया।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, प्रतिभा रानी, अनुमंडल पदाधिकारी, बेतिया सदर, विनोद कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी, नरकटियागंज, सूर्य प्रकाश गुप्ता, विशेष कार्य पदाधिकारी, जिला गोपनीय शाखा, सुजीत कुमार, प्रशिक्षु सहायक निदेशक-सह-जिला जनसम्पर्क पदाधिकारी, अजय कुमार सिंह, प्रखंड विकास पदाधिकारी, लौरिया, संजीव कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी, मझौलिया, वरूण केतन, पंचायती राज पदाधिकारी, लौरिया, सोनाली गुप्ता एवं अन्य अधिकारी सहित माननीय प्रमुख, लौरिया, शम्भु तिवारी सहित अन्य माननीय जनप्रतिनिधिगण उपस्थित थे।