
नवेंदु मिश्र
जयपुर – राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि आदरणीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने ऐसा परिवर्तन देखा है, जहाँ शासन का अर्थ केवल व्यवस्था नहीं, बल्कि जन-जन की सेवा है। सेवा, समर्पण और संकल्प के ये 12 वर्ष इस बात के साक्षी हैं कि जब किसी प्रधानमंत्री के लिए राष्ट्र ही परिवार बन जाए, गरीब की चिंता ही नीति बन जाए और अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति का कल्याण ही ध्येय बन जाए, तब इतिहास रचा जाता है।
किसी माँ के चूल्हे तक उज्ज्वला की रोशनी पहुँची, किसी गरीब को अपने पक्के घर का सपना मिला, किसी किसान के चेहरे पर सम्मान की मुस्कान खिली, किसी युवा के सपनों को नई उड़ान मिली और किसी जरूरतमंद को आयुष्मान भारत के रूप में जीवन का भरोसा मिला। विकास की यह गाथा आँकड़ों से कहीं अधिक, करोड़ों भारतीयों की आशाओं और आकांक्षाओं की कहानी है।
आज भारत का आत्मविश्वास नया है, उसकी पहचान नई है और उसका संकल्प भी नया है। यह उस नेतृत्व का परिणाम है, जिसने हर निर्णय में राष्ट्र को सर्वोपरि रखा और हर क्षण भारत माता की सेवा को अपना परम धर्म माना।


