किशनगंज : PM-अजय योजना के तहत 10 गांवों के विकास पर फोकस, डीएम ने जनकल्याण शिविर की तैयारियों की समीक्षा की

किशनगंज, 09 जून (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिलाधिकारी विशाल राज की अध्यक्षता में मंगलवार को समाहरणालय स्थित सभागार में जिला स्तरीय पदाधिकारियों के साथ कार्य संस्कृति की समीक्षा बैठक एवं जिला स्तरीय योजना मूल्यांकन-सह-अभिसरण समिति (PACC) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी 17 और 18 जून को सभी प्रखंडों में आयोजित होने वाले प्रखंड सहयोग-सह-जन कल्याण शिविर की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
डीएम ने शिविरों के सफल आयोजन के लिए आवश्यक मानव संसाधन की प्रतिनियुक्ति, शिविर स्थलों के चयन तथा अन्य व्यवस्थाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी विभागों को समन्वित कार्ययोजना बनाकर शिविरों को अधिक प्रभावी और जनोपयोगी बनाने पर जोर दिया।
बैठक में जिला अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण पदाधिकारी निखिलेश कुमार पाठक ने प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना (PM-AJAY) की जानकारी देते हुए बताया कि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय द्वारा संचालित तीन योजनाओं को एकीकृत कर इसे लागू किया जा रहा है। योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, वार्षिक कार्ययोजना के मूल्यांकन तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय सुनिश्चित करने के लिए जिला स्तरीय योजना मूल्यांकन-सह-अभिसरण समिति (PACC) का गठन किया गया है।
उन्होंने बताया कि योजना के तहत 8 जून से 22 जून 2026 तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। यह योजना उन गांवों में लागू की जा रही है जहां अनुसूचित जाति की आबादी 40 प्रतिशत या उससे अधिक है। चयनित गांवों में ग्राम सभाएं आयोजित कर स्थानीय समस्याओं और आवश्यकताओं के आधार पर विकास कार्यों की कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
जिले में योजना के तहत 10 गांवों का चयन किया गया है। इनमें किशनगंज प्रखंड का महेशबाथना, पोठिया का डूबानोची, दिघलबैंक का करूआमनी, टेढ़ागाछ के हवाकोल खुर्द और धानी खुलसारा, कोचाधामन के हरिभाषा, धनसोना, भवानीगंज, नगरी तथा सहनगरा शामिल हैं।
जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि चयनित गांवों में योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए अनुसूचित जाति समुदाय के सामाजिक एवं आर्थिक विकास के लिए समन्वित प्रयास किए जाएं।
बैठक में डीडीसी प्रदीप कुमार झा, एडीएम अमरेन्द्र कुमार पंकज, जिला पंचायत राज पदाधिकारी जफर आलम, जिला योजना पदाधिकारी-सह-जिला जनसंपर्क पदाधिकारी कुंदन कुमार सिंह सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।


