*गया शहर के समग्र विकास, जलनिकासी, स्वच्छता एवं आधारभूत संरचनाओं के सुदृढ़ीकरण पर विशेष बल : डॉ. प्रेम कुमार*

*बिहार विधान सभा सचिवालय*
त्रिलोकी नाथ प्रसाद/बिहार विधान सभा के माननीय अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार की अध्यक्षता में नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री श्री नीतीश मिश्रा, विभागीय प्रधान सचिव, नगर आयुक्त गया,बुडको प्रबंध निदेशक,बुडको के अधिकारियों एवं गया नगर निगम के पदाधिकारियों के साथ गया शहर के विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर की जलनिकासी व्यवस्था, गंगा जलापूर्ति योजना, पार्किंग, सड़क निर्माण, हरित विकास, पर्यटन अवसंरचना तथा नगर निगम की विभिन्न योजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में डॉ. प्रेम कुमार ने गया शहर के ड्रेनेज सिस्टम को शीघ्र सुदृढ़ करने पर जोर देते हुए कहा कि जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान किया जाना चाहिए।
उन्होंने फल्गु नदी में प्रदूषित जल के प्रवाह को रोकने हेतु सीवरेज लाइन एवं एसटीपी परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने का निर्देश दिया। साथ ही गंगा जलापूर्ति योजना के अंतर्गत शेष घरों तक जलापूर्ति सुनिश्चित करने एवं सर्वेक्षण कार्य को समयबद्ध ढंग से पूरा करने को कहा।
बैठक के दौरान डॉ. प्रेम कुमार ने विष्णुपद एवं बोधगया क्षेत्र में अंडरग्राउंड केबलिंग, घाटों के चौड़ीकरण तथा दोनों धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के बीच बेहतर कनेक्टिविटी विकसित करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि गया एवं बोधगया विश्वस्तरीय धार्मिक और पर्यटन केंद्र हैं, इसलिए यहां की आधारभूत सुविधाओं का विकास उच्च मानकों के अनुरूप होना चाहिए।
नगर निगम क्षेत्र के पार्कों के रखरखाव पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि पार्कों के बेहतर संरक्षण एवं संचालन के लिए वैकल्पिक व्यवस्था विकसित की जानी चाहिए ताकि नागरिकों को स्वच्छ एवं आकर्षक सार्वजनिक स्थल उपलब्ध हो सकें। उन्होंने शहर में हरित क्षेत्र बढ़ाने, सौर ऊर्जा के उपयोग को प्रोत्साहित करने तथा ग्रीन बिल्डिंग की अवधारणा को बढ़ावा देने की भी आवश्यकता बताई।
डॉ. प्रेम कुमार ने शहर में बढ़ती पार्किंग समस्या पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि शहरीकरण एवं व्यावसायिक गतिविधियों के विस्तार के कारण पार्किंग की समुचित व्यवस्था विकसित करना समय की मांग है। उन्होंने आधुनिक पार्किंग सुविधाओं के विकास के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया।
बैठक में नगर निगम एवं विभागीय योजनाओं में पारदर्शिता, गुणवत्ता एवं वित्तीय अनुशासन सुनिश्चित करने पर भी विशेष चर्चा हुई। डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि विकास योजनाओं में सार्वजनिक धन का सदुपयोग सुनिश्चित किया जाए तथा सामग्री की खरीद, वाहन संचालन एवं अन्य कार्यों की नियमित समीक्षा कर अनावश्यक व्यय पर रोक लगाई जाए। उन्होंने सड़क निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान देने और प्राप्त शिकायतों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
बोधगया मास्टर प्लान, डेल्हा बस स्टैंड विकास, यात्री सुविधाओं के विस्तार तथा पर्यटन अवसंरचना को मजबूत करने के संबंध में भी विस्तार से विचार-विमर्श हुआ। डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि गया एवं बोधगया के विकास के लिए राज्य सरकार और विभागीय एजेंसियां समन्वित रूप से कार्य करें ताकि क्षेत्र का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके।
बैठक में नगर विकास एवं आवास मंत्री श्री नीतीश मिश्रा ने भी विभिन्न परियोजनाओं के क्रियान्वयन में समयबद्धता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए तथा लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन पर बल दिया।
डॉ. प्रेम कुमार ने विश्वास व्यक्त किया कि विभाग एवं स्थानीय प्रशासन के समन्वित प्रयासों से गया शहर में आधारभूत सुविधाओं का और अधिक विस्तार होगा तथा नागरिकों को बेहतर शहरी सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।



