*तपोवन कुंड के विकास एवं जनसुविधाओं के विस्तार के लिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश :_ बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार*
त्रिलोकी नाथ प्रसाद/बिहार विधान सभा के माननीय अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने आज गया जिला अंतर्गत अतरी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व के स्थल तपोवन कुंड का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कुंड परिसर एवं आसपास उपलब्ध जनसुविधाओं का जायजा लिया तथा श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को होने वाली समस्याओं की जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के क्रम में डॉ. प्रेम कुमार ने पाया कि तपोवन कुंड में पेयजल, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, शौचालय, विश्राम स्थल, सूचना पट्ट तथा अन्य आवश्यक जनसुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है, जिससे यहां आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
बिहार विधानसभा अध्यक्ष ने स्थल से ही संबंधित विभागों एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर आवश्यक जनसुविधाओं को अविलंब बहाल करने तथा विकास कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि तपोवन कुंड बिहार की धार्मिक, सांस्कृतिक एवं पर्यटन विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र है और यहां आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। डॉ. प्रेम कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि परिसर की साफ-सफाई, पेयजल उपलब्धता, प्रकाश व्यवस्था, शौचालय निर्माण एवं मरम्मत, सुरक्षा व्यवस्था तथा पर्यटकों के लिए आवश्यक सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए। साथ ही उन्होंने पर्यटन विभाग एवं जिला प्रशासन को समन्वय स्थापित कर दीर्घकालिक विकास योजना तैयार करने का भी सुझाव दिया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी जी के नेतृत्व में धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के विकास को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है। तपोवन कुंड जैसे ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक महत्व के स्थलों का समुचित विकास स्थानीय अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने के साथ-साथ पर्यटन को भी नई गति प्रदान करेगा।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। स्थानीय लोगों ने तपोवन कुंड के विकास के प्रति बिहार विधानसभा अध्यक्ष द्वारा दिखाई गई तत्परता की सराहना की।



