*डॉ. प्रमोद कुमार की पहल से बिहार बनेगा फिल्म शूटिंग का आकर्षक गंतव्य*

• माननीय मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित
• फिल्म निर्माण, फिल्म नीति एवं विरासत संरक्षण से जुड़े विषयों पर हुई चर्चा
• बिहार में नए शूटिंग स्थलों को बढ़ावा देने एवं फिल्म विद्यार्थियों से संवाद पर दिया गया बल
त्रिलोकी नाथ प्रसाद/पटना — माननीय मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार की अध्यक्षता में बिहार राज्य फिल्म विकास एवं वित्त निगम तथा बिहार विरासत विकास समिति की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में फिल्म निर्माण को बढ़ावा देने, फिल्म नीति, विभागीय योजनाओं तथा राज्य की विरासत संरक्षण एवं संवर्धन से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक के दौरान माननीय मंत्री ने बिहार में फिल्म शूटिंग की संभावनाओं को और व्यापक बनाने पर बल देते हुए राज्य के नए एवं आकर्षक स्थलों को फिल्म शूटिंग हेतु चिन्हित कर विभागीय वेबसाइट पर शामिल करने का निर्देश दिया। इस क्रम में उन्होंने स्वयं भी कई संभावित स्थलों के नाम सुझाए, ताकि बिहार को फिल्म निर्माण के लिए एक प्रमुख गंतव्य के रूप में विकसित किया जा सके।
माननीय मंत्री ने यह भी निर्देश दिया कि कला एवं संस्कृति विभाग की छात्रवृत्ति अथवा सहायता योजनाओं के तहत फिल्म अध्ययन कर रहे विद्यार्थियों एवं लाभार्थियों के साथ एक विशेष संवाद एवं परिचर्चा आयोजित की जाए। उन्होंने कहा कि इन विद्यार्थियों के अनुभव और सुझाव भविष्य की योजनाओं एवं फिल्म शिक्षा को और प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
बैठक में विभागीय योजनाओं की प्रगति, विरासत स्थलों के संरक्षण, पर्यटन की संभावनाओं तथा सांस्कृतिक गतिविधियों को जन-जन तक पहुंचाने के विषय पर भी विचार-विमर्श किया गया।
इस अवसर पर महाप्रबंधक, बीएसएफडीएफसी श्रीमती रूबी,भा.प्र.से. तथा निदेशक संग्रहालय निदेशालय श्री कृष्ण कुमार, भा.प्र.से. सहित विभागीय पदाधिकारी एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


