ताजा खबर

जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने की बकरीद के अवसर पर विधि-व्यवस्था संधारण हेतु तैयारियों की समीक्षा

आसूचना तंत्र को सुदृढ़ एवं सक्रिय रखें, संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कतामूलक कार्रवाई करेंः डीएम व एसएसपी ने दिया निदेश
—————————————

असामाजिक तत्वों पर सतत कड़ी निगरानी रखने एवं अफवाहों का त्वरित खंडन करने का पदाधिकारियों को दिया गया निदेश
—————————————

भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के तहत निरोधात्मक कार्रवाई तथा नियमित पेट्रोलिंग सुनिश्चित करेंः डीएम व एसएसपी
————————————–

सभी स्टेकहोल्डर्स से सार्थक संवाद स्थापित रखने का डीएम व एसएसपी ने दिया निदेश
—————————————

विधि-व्यवस्था संधारण प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता; सभी एसडीओ एवं एसडीपीओ सजग, तत्पर तथा प्रतिबद्ध रहेंः डीएम व एसएसपी
—————————————

त्रिलोकी नाथ प्रसाद– जिलाधिकारी, पटना डॉ. त्यागराजन एस.एम. एवं वरीय पुलिस अधीक्षक, पटना श्री कार्तिकेय के. शर्मा ने कहा है कि ईद-उल-जोहा (बकरीद) त्योहार, 2026 के अवसर पर विधि-व्यवस्था संधारण प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। पदाधिकारीगण आसूचना तंत्र को सुदृढ़ एवं सक्रिय रखें तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कतामूलक कार्रवाई करें। अधिकारीद्वय आज समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में इस विषय पर आयोजित एक बैठक में पदाधिकारियों को संबोधित कर रहे थे। डीएम व एसएसपी ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि असामाजिक तत्वों के विरूद्ध कड़ी निगरानी रखें। सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल को क्रियाशील रखें तथा अफवाहों का त्वरित खंडन करें।

विदित हो कि इस वर्ष ईद-उल-जोहा (बकरीद) का त्योहार दिनांक 28 मई, 2026 को मनाए जाने की संभावना है।

बैठक में जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने अनुमंडलवार तैयारियों की समीक्षा की। अधिकारीद्वय ने अनुमंडल पदाधिकारियों एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों को हरेक स्तर पर ससमय शांति समिति की बैठक आयोजित कराने का निदेश दिया। सभी पदाधिकारी संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतेंगे, असामाजिक तत्वों के विरूद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के तहत निरोधात्मक कार्रवाई करेंगे, बंध-पत्र भरवाएंगे तथा विधि-व्यवस्था संधारण हेतु तत्पर रहेंगे।

जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने बकरीद के अवसर पर नियमित पेट्रोलिंग सुनिश्चित करने का निदेश दिया। अधिकारीद्वय द्वारा सभी अनुमंडल पदाधिकारियों तथा अपर पुलिस अधीक्षकों को सभी हितधारकों (स्टेकहोल्डर्स) के साथ सार्थक समन्वय स्थापित रखने का निदेश दिया गया।

जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने कहा कि बकरीद के अवसर पर गाँधी मैदान, पटना में नमाज अदा की जाती है जिसमें काफी संख्या में लोग भाग लेते हैं। ज़िलाधिकारी ने पदाधिकारियों को बकरीद के दिन गांधी मैदान में प्रवेश एवं निकास को सुचारू रखने का निर्देश दिया।

जिलाधिकारी ने गाँधी मैदान में साफ-सफाई, पार्किंग, विधि-व्यवस्था, जलापूर्ति, प्रकाश की व्यवस्था सहित सभी आवश्यक व्यवस्था ससमय पूर्ण करने का निदेश दिया।

* नूतन राजधानी अंचल, पटना नगर निगम के कार्यपालक पदाधिकारी गाँधी मैदान की ससमय एवं समुचित सफाई सुनिश्चित करेंगे। कार्यपालक पदाधिकारी, पटना नगर निगम, नूतन राजधानी अंचल, पटना गाँधी मैदान स्थित नमाज स्थल एवं उसके आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई/अधिष्ठापित हाईमास्ट लाईट को ऊर्जान्वित कराना/आवारा पशुओं के गांधी मैदान में प्रवेश को रोकना सुनिश्चित करेंगे।

* कार्यपालक अभियंता पीएचईडी, यांत्रिकी नमाज अदा करने के दिन गाँधी मैदान में चिन्हित स्थलों पर समुचित संख्या में वाटर टैंकर/वाटर एटीएम का प्रबंध करते हुए जलापूर्ति की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे।

* पुलिस अधीक्षक, यातायात वाहनों के लिए पार्किंग स्थल चिन्हित करते हुए आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे।

* भवन कार्यपालक अभियंता बैरिकेडिंग कराना एवं गड्ढों को भरना, समतलीकरण सुनिश्चित करेंगे।

* जिला नजारत उप समाहर्ता/प्रबंधक, गांधी मैदान में अधिष्ठापित सभी सीसीटीवी कैमरा चालू हालत में रखेंगे।

* ईद-उल-जोहा (बकरीद) के नमाज के अवसर पर आकस्मिक स्थिति से निपटने हेतु गाँधी मैदान में डॉक्टर, पारा मेडिकल स्टाफ एवं आवश्यक जीवन रक्षक दवाओं के साथ एम्बुलेंस सिविल सर्जन प्रतिनियुक्त करेंगे।

* जिला अग्निशाम पदाधिकारी, पटना को निर्देशित किया गया कि ईद-उल-जोहा (बकरीद) की नमाज के अवसर पर आकस्मिक स्थिति से निपटने हेतु गाँधी मैदान में फायर दस्ता प्रतिनियुक्त करना सुनिश्चित करेंगे।

* जिलाधिकारी ने कहा कि बतौर नोडल पदाधिकारी अपर जिला दंडाधिकारी (आपदा प्रबंधन) सभी हितधारकों के साथ समन्वय स्थापित कर सभी तैयारी ससमय कराएंगे। अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) एवं नगर पुलिस अधीक्षक (मध्य) विधि-व्यवस्था संधारण हेतु नोडल पदाधिकारी का कार्य करेंगे। अपर जिला दण्डाधिकारी, विधि-व्यवस्था ससमय पर्याप्त संख्या में पुलिस बल एवं दण्डाधिकारी की प्रतिनियुक्ति करेंगे। गाँधी मैदान में सुरक्षा के दृष्टिकोण से अस्थायी थाना भी क्रियाशील रहेगा।

जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को सारी प्रशासनिक तैयारी एवं अन्य व्यवस्था ससमय पूर्ण कर लेने का निदेश दिया। उन्होंने कहा कि वे गाँधी मैदान, पटना का निरीक्षण करेंगे एवं तैयारियों का जायजा लेंगे।

========================
जिलाधिकारी, पटना एवं वरीय पुलिस अधीक्षक, पटना द्वारा पदाधिकारियों को मानकों के अनुसार दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति करने, सोशल मीडिया पर कड़ी नजर रखने और अफवाहों का त्वरित खंडन करने के साथ उत्कृष्ट भीड़-प्रबंधन, सुचारू यातायात तथा सुदृढ़ विधि-व्यवस्था संधारण हेतु सजग, तत्पर एवं प्रतिबद्ध रहने का निदेश दिया गया। किसी भी प्रकार की सूचना 24×7 जिला नियंत्रण कक्ष (0612-2219810/2219234) या डायल 112 पर दी जा सकती है।
========================

बैठक में पुलिस अधीक्षकगण, अपर जिला दण्डाधिकारी विधि-व्यवस्था, सभी अनुमंडलों के अनुमंडल पदाधिकारी तथा अपर पुलिस अधीक्षक/अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, कार्यपालक पदाधिकारी पटना नगर निगम, विद्युत कार्यपालक अभियंता, कार्यपालक अभियंता, पीएचईडी सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित थे।

डीपीआरओ, पटना

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!